लूणदा-अमरपुरा जागीर में 26 साल बाद एसटी वर्ग को आरक्षण
पंचायत समिति सदस्य की सीट एसटी ओपन, पुरुष या महिला कोई भी लड़ सकेगा चुनाव
Y
YUVRAJ PACHORI
Journalist
September 23, 2026
2 min read
Share:
लूणदा। पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर उदयपुर जिला मुख्यालय पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें जिला परिषद सदस्य, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए आरक्षण तय किया गया। लॉटरी में भीण्डर पंचायत समिति के प्रधान पद को ’’अनारक्षित महिला’’ के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं भीण्डर पंचायत समिति के कुल 19 वार्डों में आरक्षण की स्थिति भी तय हो गई है। इनमें ’’एससी ओपन के लिए 1, एससी महिला के लिए 1, एसटी ओपन के लिए 2, एसटी महिला के लिए 2, ओबीसी ओपन के लिए 2, ओबीसी महिला के लिए 1, अनारक्षित ओपन के लिए 5 तथा अनारक्षित महिला के लिए 5 वार्ड’’ आरक्षित किए गए हैं।
लूणदा-अमरपुरा में एसटी ओपन सीट आरक्षित
भीण्डर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 10 लूणदा-अमरपुरा जागीर के लिए इस बार एसटी ओपन सीट आरक्षित हुई है। इस आरक्षण के बाद अनुसूचित जनजाति वर्ग का कोई भी पात्र पुरुष या महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर सकता है। खास बात यह है कि लूणदा-अमरपुरा जागीर में करीब 26 साल बाद संयुक्त रूप से एसटी वर्ग को आरक्षण मिला है। वर्ष 2020 से 2026 के बीच हुए पंचायतीराज चुनावों में लूणदा और अमरपुरा जागीर में अलग-अलग चुनाव हुए थे। वर्ष 2020 में लूणदा सीट एसटी महिला के लिए आरक्षित थी, जिसमें जनता सेना समर्थित जमनी बाई ने जीत दर्ज की थी। वहीं अमरपुरा जागीर में एसटी ओपन सीट थी, जहां से नाथू सिंह मीणा पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए थे।
1995 से 2015 तक एक साथ हुए थे चुनाव
लूणदा-अमरपुरा जागीर के पिछले चुनावी इतिहास पर नजर डालें तो 1995 से 2015 तक दोनों क्षेत्रों के पंचायत समिति सदस्य के चुनाव संयुक्त रूप से होते रहे हैं। इन चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों का दबदबा देखने को मिला, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को लगातार हार का सामना करना पड़ा।
संयुक्त रूप से इस प्रकार रहा पिछले चुनावों का परिणाम
1995-2000 एसटी वर्ग के लिए आरक्षित सीट-कन्हैया लाल (कांग्रेस)
2000-2005 सामान्य महिला के लिए आरक्षित सीट - पुष्पेन्द्र कुंवर (कांग्रेस)
2005-2010 ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित सीट -शान्तिलाल (कांग्रेस)
2010-2015 ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित सीट- प्रकाश चन्द्र सुथार (कांग्रेस)
2015-2020 अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित सीट- तारा धाकड (कांग्रेस)